Loading..
डाइट व एक्सरसाइज
ज्यादातर महिलाओं को आमतौर पर अपनी गर्भावस्था का पता तब चलता है जब उनकी माहवारी रुक जाती है| जब तक उन्हें गर्भावस्था का संदेह होता है, वे उसका परीक्षण करके सकारात्मक परिणाम प्राप्त करती हैं तब तक लगभग वे गर्भावस्था के पहले महीने में होती हैं|
इसलिए जब से आप गर्भधारण का प्रयास करना शुरू करें तब से ही स्वस्थ आहार लेना भी शुरू कर दें| एक स्वस्थ आहार आपके स्वास्थ्य और आपके बच्चे के समुचित विकास को सुनिश्चित करता है| यह आर्टिकल आपको बताता है कि गर्भावस्था के पहले महीने में आपको किन खाद्य पदार्थो का सेवन करना चाहिए और किनसे बचना चाहिए|

गर्भावस्था के प्रथम माह में शामिल करने योग्य खाद्य पदार्थ

गर्भावस्था के पहले महीने में निम्नलिखित खाद्य पदार्थो को आप आवश्यक रूप से अपने आहार में शामिल करिए:

  • फोलिक एसिड से भरपूर खाद्य जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, संतरे का जूस, एवोकाडो, बीन्स और अंकुरित अनाज आदि का उपयोग करें| फोलिक एसिड भ्रूण के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के विकास के लिए अति आवश्यक पोषक तत्व है| यह गर्भावस्था में रक्त निर्माण में सहायता करता है और शिशु में न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट को रोकता है|
  • दूध, दही, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पाद कैल्शियम के बहुत अच्छे स्रोत हैं| कैल्शियम भ्रूण के ह्रदय और तंत्रिका तंत्र के लिए आवश्यक है और ये मजबूत मांसपेशियों, हड्डी और दांत को विकसित करने में मदद करता है| दुग्ध उत्पाद कैल्शियम के साथ अन्य बहुत सारे पोषक तत्वों को प्रदा करता है|
  • लाल और पीले रंग के फल एवं सब्जियां, गोभी, ब्रोकोली, स्ट्रॉबेरी, खट्टे फल आदि विटामिन सी से भरपूर होते हैं जो बच्चे के दांतों और हड्डियों के विकास के लिए आवश्यक है|
  • फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ जैसे ओट्स, साबुत अनाज की रोटी, अंकुरित अनाज, फलियाँ, फल और सब्जियां का सेवन भरपूर मात्रा में करें जिससे आपका पेट साफ रहे और कब्ज की शिकायत न हो|
  • भ्रूण के ऊतको को विकसित करने और स्तन एवं गर्भाशय की मांसपेशियों की मरम्मत करने हेतु प्रोटीन की प्रचुर मात्रा की आवश्यकता होती है| दालें, बीज और सूखे मेवे प्रोटीन से भरपूर होते हैं और साथ ही ये गर्भावस्था में रक्त सम्बन्धी आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायक होते हैं|
  • यदि आप माँसाहारी हैं तो लीन मीट भी आपको आयरन और प्रोटीन देने वाला खाद्य पदार्थ है| ये हीमोग्लोबिन के उत्पादन में सहायक है और ये भ्रूण को रक्त आपूर्ति में भी मदद करता है|
  • यदि आप फिश पसंद करते हैं तो कैटफ़िश, क्लैम, कॉड, क्रैब, श्रिम्प, टूना आदि गर्भावस्था में खाने के सुरक्षित होने के साथ ही सेहतमंद भी हैं|
  • आयोडीन युक्त नमक आयोडीन का प्राथमिक स्रोत है जो शिशु के तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क के विकास के लिए अति आवश्यक है|
  • ये तो सभी जानते हैं कि विटामिन डी का प्राथमिक स्रोत सूर्य का प्रकाश है परन्तु गर्भावस्था में केवल सूर्य के प्रकाश से विटामिन डी की आवश्यकता को पूरा नहीं किया जा सकता| इस्ल्ये दूध, अंडे, अनाज, मशरूम, मछली आदि को नियमित रूप से अपने आहार में शामिल करें|

गर्भावस्था के प्रथम माह में न खाए जाने वाले खाद्य

गर्भावस्था के दौरान आपको उन चीजों की की भी क्रेविंग हो सकती है जिन्हें आपको नहीं खाना चाहिए| गर्भावस्था में किन खाद्य पदार्थों से आपको दूर रहना चाहिए, ये जानने के लिए आगे पढ़ें|

यहाँ कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ बताये गए है जिनसे आपको पहले महीने में बचना चाहिए:

  • सॉफ्ट चीज़ और उससे बनी अन्य डिशेज, मीट सैंडविचेज, पैकेज्ड सलाद और फ़ूड आदि से बचे क्योंकि इनमे लिस्टेरिया बैक्टीरिया हो सकता है|
  • कच्चे अंडे, अधपके मीट और पोल्ट्री प्रोडक्ट्स से बचना चाहिए क्योंकि इनमे साल्मोनेला और अन्य खतरनाक बैक्टीरिया हो सकते हैं| ये प्रोडक्ट्स सेहत के लिए अच्छे नहीं होते और इनका पाचन भी ठीक से नहीं हो पाता|
  • जिन मछलियों में मरकरी ज्यादा पाया जाता है जैसे स्वोर्डफिश, शार्क, टाइलफिश आदि उन्हें भी गर्भावस्था में न खाना ही उचित होता है|
  • अल्कोहल और धूम्रपान से बचे क्योंकि ये भ्रूण के विकास को प्रभावित कर सकते हैं|
  • गर्भावस्था में पपीता और अनानास का सेवन बिलकुल नही किया जाना चाहिए क्योंकि ये दोनों फल गर्भाशय के संकुचन को प्रेरित करते हैं जो आपकी परेशानी बढ़ा सकते हैं|
  • प्रेग्नेंसी में पिज़्ज़ा, बर्गर, केक, पेस्ट्री, प्रोसेस्ड मीट और ज्यादा तले हुए भोजन का सेवन सीमित मात्रा में करें क्योंकि इनमे सेचुरेटेड फैट होता है जो गर्भावस्था में हानिकारक है|
  • कोल्ड ड्रिंक्स, पैक्ड जूस, आर्टीफ़िशिअल शुगर और ज्यादा नमक का सेवन भी न के बराबर ही करना चाहिए|
  • अपनी प्रेगनेंसी में आपको चाय-कॉफ़ी का सेवन कम कर देना चाहिए क्योंकि एक दिन में 200-300 mg से अधिक कैफीन की मात्रा या दो से तीन कप कॉफ़ी एबॉर्शन का कारण बन सकती है|

यह बहुत आवश्यक है की प्रेगनेंसी में आप सही भोजन का चुनाव करें और उचित मात्रा में खाएं क्योंकि अब आपको अपने साथ एक नन्ही सी जान का भी ख्याल रखना सीखना होगा| और अब हम आपको कुछ डाइट टिप्स देंगे जो आपकी पहले महीने की गर्भावस्था में काम आएँगी|

पहले महीने की प्रेगनेंसी के लिए डाइट टिप्स

गर्भावस्था के पहले महीने में इन डाइट टिप्स को फॉलो करके आप सुविधाजनक महसूस करेंगी:

  • खूब सारा पानी, नारियल पानी, जूस आदि पियें और हाईड्रेटेड रहें|
  • अपनी डाइट के साथ हेल्थ सप्लीमेंट्स लेते रहें ताकि आपको पोषक तत्वों की कमी न हो|
  • थोड़ी-थोड़ी देर में थोडा-थोडा पर हेल्दी खाते रहें|
  • जंक फ़ूड को न कह दें|
  • मसालेदार और तेल वाले भोजन से दूरी बना लें क्योंकि ये सीने में जलन को बढ़ाते है जिससे उल्टी होने के चांसेस बढ़ जाते हैं|

चूंकि गर्भावस्था नौ महीनो का लम्बा समय है इसलिए प्रथम माह से ही अपने आहार और पोषक तत्वों का ध्यान रखना शुरू करे जिससे यह आपकी आदत में आ जाये| आप हेल्दी व्यंजनों को अपनी रुचि के अनुसार खा सकती हैं| सबसे महत्वपूर्ण यह है कि पोषण से भरपूर डाइट के साथ हेल्थ सप्लीमेंट्स को कभी न छोड़ें क्योंकि जब आप पूर्णतः स्वस्थ होंगी तभी आप एक स्वस्थ व् सुन्दर शिशु को जन्म दे सकती हैं|

Related Posts